Khabar Baazi
रोज़नामचाः यमुना का रौद्र रूप, पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजे और महंगाई में बढ़ोतरी बनी आज की सुर्खियां
हिंदी के प्रमुख अखबारों ने आज एक नहीं अलग-अलग ख़बरों को अपनी प्रमुख सुर्खियां बनाया है. किसी ने दिल्ली के निचले इलाकों में आई बाढ़ तो किसी ने यमुना में उफान को अपनी सुर्खी बनाया है. वहीं कुछ अख़बारों ने पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनावों में हुई हिंसा तो कुछ ने केंद्र की ओर से 42 कानूनों में करीब 183 प्रावधान खत्म किए जाने को पहली सुर्खी बनाया है.
आइए आज के अखबारों की सुर्खियों पर नजर डालते हैं.
अमर उजाला ने यमुना में आए पानी के तेज उफान को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि यमुना में पानी ने पिछले 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. जिसके चलते दिल्ली पर बाढ़ का संकट मंडराने लगा है. यमुना में फिलहाल पानी 208 मीटर से ऊपर बह रह है. यह खतरे के निशान से दो मीटर से भी ज्यादा पानी है. ख़बर के मुताबिक, बाढ़ के खतरे को देखते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने केंद्र से मदद मांगी है और हरियाणा से कम पानी छोड़ने की अपील की है.
इसके अलावा महंगाई दर में बढ़ोतरी को भी प्रमुखता दी गई है. अख़बार ने लिखा. खुदरा महंगाई दर तीन महीनों में उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है. मार्च में महंगाई 5.66% थी जो जून में फिर से 4.81% पर पहुंच गई. सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक असामान्य बारिश के कारण देश के प्रमुख उत्पादक राज्यों में फसल खराब होने के कारण खाद्य पदार्थों की कीमतों में तेजी आई है. वहीं साथ ही अख़बार ने लिखा कि टमाटर की कीमतों में कमी लाने के लिए केंद्र ने नैफेड और एनसीसीएफ को आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र से टमाटर खरीदने के निर्देश दिए हैं. इससे टमाटर की कीमतों में कमी आएगी.
इसके अलावा केरल में प्रोफेसर का हाथ काटने के मामले में पीएफआई के 6 सदस्य दोषी करार, आज सुनाई जाएगी सजा, कलकत्ता हाईकोर्ट की टिप्पणी- शांतिपूर्ण चुनाव कराने में विफल रही पश्चिम बंगाल सरकार, सुप्रीम कोर्ट को मिले दो नए जज, ट्रकों में 2025 से एसी लगाना होगा अनिवार्य, 19 मंत्रालयों से जुड़े 42 कानूनों के बदलेंगे 182 प्रावधान, यूपी के अफसरों पर सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी, कहा- शीर्ष अदालत के प्रति जरा भी सम्मान नहीं, सोने के चुनिंदा गहनों और आयात पर प्रतिबंध, लेखक मिलान कुंद्रा का निधन, फ्रांस-यूएई के दौरे पर आज रवाना होंगे पीएम नरेंद्र मोदी और चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण की उल्टी गिनती शुरू आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
हिंदुस्तान ने दिल्ली में आई बाढ़ को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा यमुना का जलस्तर सारे रिकॉर्ड तोड़ चुका है. इससे पहले यमुना में साल 1978 में 207.49 मीटर तक पानी पहुंचा था. लेकिन अब यह 208 मीटर से भी ज्यादा हो गया है. दिल्ली ने बाढ़ से निपटने के लिए 6 जिलों में ढ़ाई हजार राहत शिविर बनाए हैं. साथ ही दिल्ली ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भी जाने की अपील की है. इसके लिए एक हेल्पलाइन नंबर 1077 भी जारी किया गया है. जलस्तर बढ़ने से दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्ट किया जा रहा है.
इसके अलावा कैबिनेट ने 19 मंत्रालयों से जुड़े 42 अधिनियमों के 183 प्रस्तावों में संशोधन को मंजूरी को भी प्रमखता दी है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पिछले साल 22 दिसंबर को यह विधेयक पेश किया था. जिसे कि संसद की संयुक्त समिति को भेजा गया था.
दिल्ली में एक महिला का शव आठ टुकड़ों में फ्लाइओवर के नीचे मिलने, पीएम मोदी का फ्रांस दौरा आज से, एनसीआर में टमाटर सस्ते होने की उम्मीद, शीला दीक्षित के घर किराए पर रहने के लिए जा सकते हैं राहुल गांधी, धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम में अफरा-तफरी, आठ बेहोश और इंडियन मुजाहिद्दीन के चार आतंकियों को दस साल कैद की सजा को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
जनसत्ता ने दिल्ली के निचले इलाकों में पानी भर जाने को प्रमुख सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर 208 मीटर से ऊपर पहुंच गया है. इसके चलते मजनू का टीला और वजीराबाद सहित आईटी और रिंग रोड पर पानी पहुंच गया है. यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने आपात बैठक कर राहत एवं बचाव के निर्देश दिए हैं.
अख़बार ने पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में मतगणना के दौरान हिंसा में 6 लोगों की जान जाने की ख़बर को भी प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि पंचायत चुनाव के ऐलान के बाद से अब तक हुई राजनीतिक हिंसा में मरने वालों की संख्या 45 तक पहुंच गई है. वहीं, तृणमूल कांग्रेस अब तक चुनावों में 34,913 सीटें जीत चुकी है.
इसके अलावा सब्जियों के चलते जून में महंगाई दर में बढ़ोतरी, राहत पहुंचाने के लिए अब केंद्र सरकार खरीदेगी टमाटर, बाढ़ में डूबे हिमाचल समेत चार राज्यों में राहत एवं बचाव कार्य तेज, प्रधानमंत्री का फ्रांस दौरा आज से, बेंगलुरु बैठक में विपक्ष दल बना सकते हैं चुनावी रणनीति, केरल में प्रोफेसर का हाथ काटने के मामले में 6 दोषी, एशिया कप में भारत-पाक मैच श्रीलंका में, आरबीआई के आंकड़े- ब्याज दर ज्यादा, फिर कर्ज लेकर वाहनों की खरीद बढ़ी आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
दैनिक भास्कर ने यमुना का रौद्र रूप सामने आने को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि दिल्ली में कभी भी बाढ़ आ सकती है वहीं हिमाचल में अब तक 20 हजार से ज्यादा पर्यटक फंस गए हैं. पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते मैदानी इलाकों पर संकट आ गया है. 45 साल में पहली बार ऐसा हुआ है कि यमुना खतरे के निशान से पौने तीन मीटर ऊपर बह रही है. दिल्ली में यमुना नदी के किनारे के इलाके पांच फीट पानी में डूब गए हैं.
अख़बार ने विपक्षी दलों की बैठक में सोनिया गांधी के शामिल होने को भी प्रमुखता दी है. अख़बार ने लिखा कि मिशन 2024 के लिए अब 24 दल साथ आएंगे. इसमें 8 नए दल भी जुड़ेंगे. मालूम हो कि 17-18 जुलाई को बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक होनी है.
इसके अलावा पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के नतीजों और कलकत्ता हाईकोर्ट में सुनवाई, पीएम नरेंद्र मोदी का फ्रांस दौरा, खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ने से महंगाई बढ़ने, सुप्रीम कोर्ट में दो नए जजों की नियुक्ति, एचडीएफसी लिमिटेड की ट्रेडिंग आज से बंद, स्वीडन में कुरान जलाने के मामले में भारत ने किया पाकिस्तान के प्रस्ताव का समर्थन, एशिया कप के लिए पाकिस्तान जाने से टीम इंडिया का इंकार, तकनीकी खामी के चलते बेंगलुरु में विमान की आपात लैंडिंग और तमिलनाडू के मंत्री वी सेंथिल बालाजी 26 तक न्यायिक हिरासत में आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
दैनिक जागरण ने 42 कानूनों के 183 प्रावधानों को खत्म किए जाने के फैसले को अपनी पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि इनमें जेल की सजा से जुड़े कई प्रावधान भी शामिल हैं. इस संशोधन से अदालत में मुकदमों का बोझ घटेगा. इसके लिए बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने जन विश्वास (प्रविधान संशोधन) विधेयक, 2023 को मंजूरी दे दी. विधेयक में छोटे-मोटे अपराधों से संबंधित कई प्रविधानों को अपराध के दायरे से बाहर करने का प्रस्ताव किया गया है. विधेयक में विभिन्न अपराधों के लिए जुर्माने में समीक्षा का प्रविधान है। हर तीन साल में जुर्माने की राशि 10 प्रतिशत बढ़ा दी जाएगी. कुछ अपराधों को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। भारतीय डाकघर अधिनियम, 1898 के सभी अपराध खत्म कर दिए जाएंगे.
इसके अलावा अख़बार ने पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के नतीजों पर कलकत्ता हाईकोर्ट की टिप्पणी को भी प्रमुख जगह दी है. कोर्ट ने कहा है कि जब तक वे आदेश नहीं देंगे तब तक पंचायत चुनाव के नतीजे मान्य नहीं होंगे. चुनाव में हुई धांधली और हिंसा को लेकर दायर 3 जनहित याचिकाओं पर कलकत्ता हाईकोर्ट ने बुधवार को सुनवाई करते हुए ये बात कही. कोर्ट ने कहा कि चुनाव के अंतिम नतीजे हमारे आदेश पर निर्भर होंगे. गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की 63,229 ग्राम पंचायत सीटों में से TMC ने 34,359 सीटें जीतीं और 752 पर आगे चल रही है. वहीं भाजपा 9,545 सीटों पर जीत के साथ दूसरे नंबर पर है. वह 180 सीटों पर आगे चल रही है. ये आंकड़े न्यूज एजेंसी PTI ने बुधवार शाम 5:30 बजे जारी किए थे. उसके बाद से अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
इसके अलावा अख़बार ने दिल्ली के निचले इलाकों में आई बाढ़ और टमाटर के सस्ते होने के आसारों को भी पहले पन्ने पर जगह दी है.
Also Read
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
Hafta letters: NL’s coverage of SIR protest, question for Anand and violence in Manipur