Khabar Baazi
रोज़नामचा: पीएम मोदी का डीयू दौरा, समान नागरिक संहिता पर केंद्र की तैयारी और बीरेन सिंह के इस्तीफे की चर्चा बनी सुर्खियां
हिंदी के अखबारों ने आज किसी एक खबर को नहीं बल्कि अलग-अलग खबरों को प्रमुखता दी है. किसी ने पहले पन्ने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए मेट्रो से यात्रा करने तो किसी ने समान नागरिक संहिता तो किसी ने पीएम नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति पुतिन की बातचीत तो किसी ने मणिपुर के सीएम बीरेन सिंह के इस्तीफा देने की चर्चा को प्रमुखता से प्रकाशित किया है.
आइए आज के अखबारों पर नजर डालते हैं.
पहले बात करते हैं, दैनिक जागरण अखबार की. अख़बार ने 'समान नागरिक संहिता पर मंथन तेज' के शीर्षक से आज की प्रमुख ख़बर प्रकाशित की है. जिसमें बताया गया है कि केंद्र सरकार की पहल पर अब संसदीय समिति पिछले विधि आयोग के परामर्शों पर विचार विमर्श करेगी. इसके लिए विधि आयोग और कानून मंत्रालय के बीच बैठक होगी. गौरतलब है कि साल 2018 में पिछले विधि आयोग ने समान नागरिक संहिता न लाने की बात कहते हुए कुछ सिफारिशें भी की थीं.
इसके अलावा दिल्ली सरकार का केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख करने, मेट्रो में शराब की दो सीलबंद बोतले ले जाने की इजाजत, लुसांडे डायमंड लीग में नीरज चोपड़ा के स्वर्ण पदक जीतने, कर्नाटक हाईकोर्ट द्वारा ट्विटर पर 50 लाख जुर्माना लगाने जैसी ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में शिरकत करने को भी पहले पन्ने पर अहमियत दी गई है. मेट्रो में सवारी कर रहे पीएम मोदी की फोटो के साथ ख़बर का शीर्षक है- ‘चौथी औद्योगिक क्रांति के लिए तैयार रहें देश के युवाः प्रधानमंत्री’. ख़बर में प्रधानमंत्री के हवाले से कहा गया है कि देश के विकास की गति नालंद और तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालयों पर हुए हमले से रुकी.
दैनिक भास्कर ने मणिपुर के मुद्दे को आज प्रमुख ख़बर बनाया है. जिसमें अख़बार ने लिखा कि राहुल के राजनीतिक दौरे के बीच यहां हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ. सीएम बीरेन सिंह इस्तीफा देने ही वाले थे कि उनके समर्थकों ने इस्तीफा फाड़ दिया. वहीं, इसी ख़बर के साथ राहुल के बयान को भी नत्थी किया गया है. जिसमें लिखा है कि राहुल ने अमन की अपील की है. ख़बर का शीर्षक है- ‘मैंने मणिपुर के लोगों का दर्द साझा किया, हम सभी अमन की ओर बढ़ें’. अख़बार ने ये भी जानकारी दी है कि दो महीने से बंद पड़े मणिपुर के स्कूलों को खोले जाने का फैसला फिलहाल टाल दिया गया है.
मणिपुर के अलावा भास्कर के पहले पन्ने पर एचडीएफसी बैंक और मोर्गेज कर्जदाता एचडीएफसी के विलय किए जाने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली यूनिवर्सिटी मेट्रो से पहुंचने, रूसी राष्ट्रपति पुतिन और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातचीत, समान नागरिक संहिता को शिवसेना (उद्धव) का समर्थन मिलने के अलावा जुलाई में मानसून के आसार की ख़बर को भी जगह मिली है.
दैनिक हिंदुस्तान ने पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की बातचीत को प्रमुखता दी है. ख़बर का शीर्षक है: ‘पुतिन से बोले मोदी- यूक्रेन मुद्दे का कूटनीतिक हल हो’. ख़बर में लिखा गया है कि दोनों नेताओं की बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने पुतिन को यूक्रेन का मुद्दा बातचीत के जरिए सुलझाने का आह्वान किया. इस प्रमुख ख़बर के साथ ही पीएम मोदी की मेट्रो में यात्रा करने की तस्वीर के साथ दिल्ली शताब्दी समारोह की ख़बर को नत्थी किया गया है.
इसके अलावा आम आदमी पार्टी के केंद्र सरकार द्वारा लाए अध्यादेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख करने, मणिपुर में मुख्यमंत्री बीरेन सिंह का इस्तीफा फाड़े जाने, राहुल गांधी की नागरिक समाज के लोगों से मुलाकात, अजानारा की दूसरी कंपनी पर दिवाला प्रक्रिया शुरू होने, छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी होने और नियमों की अनदेखी के चलते कर्नाटक हाईकोर्ट द्वारा ट्विटर पर पर 50 लाख रुपये जुर्माना लगाए जाने को भी पहले पन्ने पर जगह दी है. लोरेंस बर्कले लैब की स्टडी को भी अख़बार के पहले पन्ने पर जगह मिली है, जिसमें कहा गया है कि दुनिया का तापमान बढ़ने के कारण पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी अब बारिश में तब्दील हो गई है. जिसके चलते लंबे समय तक पानी की कमी और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.
अमर उजाला ने समान नागरिक संहिता पर संसद के मानसून सत्र में विधायक लाए जाने के आसार को पहली ख़बर बनाया है. अख़बार ने लिखा है कि इसके लिए केंद्र सरकार तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गई है और व्यापक विमर्श के लिए बिल को संसदीय समिति को भेजा जा सकता है. अख़बार ने इस मुद्दे के ईर्द-गिर्द की कई छोटी-बड़ी ख़बरों को इसके साथ ही नत्थी किया है. जिसमें जस्टिस रंजना देसाई, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी का बयान भी शामिल है.
अख़बार ने इसके अलावा मणिपुर के सीएम बीरेन सिंह का इस्तीफा फाड़े जाने, छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों के बढ़ाए जाने के अलावा 30 जून तक आवेदन करने वालों के आधार-पैन कार्ड लिंक किए जाने की ख़बर को प्रमुखता दी है.
जनसत्ता अख़बार ने पीएम नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बातचीत को प्रमुख ख़बर बनाया है. इसके अलावा पुष्कर सिंह धामी के बयान को भी प्रमुखता दी गई है, जिसमें उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समान नागरिक संहिता लाने के लिए तैयार है. वहीं, मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह के इस्तीफे वाले नाटकीय घटनाक्रम, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तराखंड में बारिश में कई लोगों की मौत और जानवरों की हड्डी लेकर जा रहे ट्रक चालक को गोमांस ले जाने के शक में भीड़ द्वारा पीट-पीट कर मार दिए जाने और पीएम नरेंद्र मोदी के दिल्ली विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में शामिल होने को भी प्रमुखता से जगह दी है.
कुल मिलाकर आज सभी अख़बारों ने अलग-अलग खबरों को पहले पन्ने पर अपने अपने तरीके से पेश किया है.
Also Read
-
Uttarakhand ERO refused BJP worker’s bulk Form 7 objections. After ECI complaint, 5,359 were accepted
-
The Starlink controversy explained: What an Indian licence can and can’t control
-
A BJP worker in Uttarakhand objected. Voters in Kichha who never knew him are off the roll
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test