Newslaundry Hindi
रिपब्लिक और आजतक की गोवा में कार पीछा पत्रकारिता
सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले का सच सामने आए या ना आए, लेकिन भारतीय टीवी मीडिया की रिपोर्टिंग हर दिन एक नया अंदाज़ दर्शकों के सामने पेश कर रही है. रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार का पीछे करते टीवी रिपोर्टर, अब दीपिका पादुकोण और राकुल प्रीत सिंह के पीछे पड़ गए हैं.
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने सुदर्शन टीवी मामले में सुनवाई करते हुए कहा था, “अधिकांश टीवी मीडिया टीआरपी की लड़ाई लड़ रहे और ज्यादा सनसनीखेज की ओर जा रहे हैं. ”कोर्ट की इस लाइन को इस समय चरितार्थ रिपब्लिक टीवी और आजतक के पत्रकार कर रहे हैं. दोनों ही टीवी के पत्रकार दीपिका पादुकोण का पीछा गोवा में अपनी कार से कर रहे थे, इस दौरान दीपिका शूटिंग से गोवा एयरपोर्ट जा रही थीं.
रिपब्लिक टीवी की पत्रकार, दीपिका की कार का पीछा करती हैं और उनके ड्रग कनेक्शन को लेकर बात करती हैं, तब उन्हें दीपिका की ब्लैक रंग की मर्सिडिज गाड़ी दिखती है. रिपोर्टर कहती हैं, रिपब्लिक मीडिया की गाड़ी दीपिका की गाड़ी के बिल्कुल बगल में लगाएंगे, उसके बाद रिपोर्टर जोर- जोर से कहती हैं, “दीपिका क्या आप ड्रग लेती हैं.. दीपिका क्या आप ड्रग लेती हैं”. हालांकि उस तरफ से कोई जवाब नहीं दिया जाता है और गाड़ी आगे निकल जाती है.
उसी चैनल के एक दूसरे रिपोर्टर, जब दीपिका घर जा रही होती है, तब वह सवाल करते हैं, “रिपब्लिक पूछ रहा है, क्या आप जया शाह से ड्रग लेती हैं, ... क्या आप जया शाह से ड्रग लेती हैं, दीपिका कब से ड्रग ले रही हैं आप, रिपब्लिक आप से पूछ रहा है”.
बता दें दोनो ही मौको पर दीपिका की गाड़ी का शीशा बंद था, और वह दोनों ही बार रिपब्लिक टीवी के सवालों को नज़रअंदाज़ कर के चली जाती हैं. खास बात यह है कि रिपोर्टर दीपिका का पीछा लगातार उनके मुंबई के घर तक कर रहे थे. इस मौके पर आजतक कहां पीछे रहने वाला था. तो उसने भी अपने सीनियर रिपोर्टर को दीपिका के पीछे लगा दिया.
आजतक ने अशोक सिंघल को दीपिका की कार का पीछा करने के लिए लगा दिया था. इंडिया टुडे के ट्वीटर हैंडल से शेयर किया गया यह सात मिनट का वीडियो, जिसमें अशोक सिंघल बार-बार यही बता रहें हैं कि, “देखिए यह दीपिका पादुकोण की गाड़ी जा रही है, ब्लैक रंग की मर्सिडिज गाड़ी में वह बैठी हैं... वह कल से ही अपने लीगल टीम के साथ बातचीत कर रही हैं.”
आजतक की टीम दीपिका की कार का पीछा उनके होटल से लेकर एयरपोर्ट पहुंचने तक करती है. इस वीडियो को री-ट्वीट करते हुए एनडीटीवी की पूर्व पत्रकार निधी राजदान लिखती हैं, “यह क्लिप आज टीवी पत्रकारिता की स्थिति को बताती है. यहां के रिपोर्टर, अशोक सिंघल मुझसे वरिष्ठ हैं. जब मैंने पहली बार 20 साल पहले एक राजनीतिक रिपोर्टर के रूप में शुरुआत की, तो वह मैदान पर एक अनुभवी पत्रकार थे. अब वह यह कर रहे हैं.”
बता दें कि भारतीय टीवी मीडिया में वर्षो से नंबर वन बना रहा हिंदी न्यूज चैनल आजतक हाल ही में रिपब्लिक टीवी से पीछे हो गया है. जिसके बाद से दोनो चैनलों में टीआरपी को लेकर शीतयुद्ध चल रहा है. कई मौके पर दोनों चैनलों के पत्रकार, एक दूसरे के चैनल पर आरोप लगाते रहते हैं.
Also Read
-
Too big, too costly, too far: Delhi’s new protest sites put to the test
-
‘People scared of economics’: Sarthak Pradhan on your money, GST and Fiscal Fables
-
Ex-ISRO chairman on privatisation and what left the space community ‘alarmed’
-
जंतर-मंतर क्यों जरूरी? प्रदर्शन के नए ठिकानों की पड़ताल
-
The myth of the apolitical Indian