Newslaundry Hindi
ज़ी न्यूज़: संक्रमितों की संख्या 36, पूरी बिल्डिंग सील
नोएडा के सेक्टर 16-ए स्थित ज़ी मीडिया के विभिन्न चैनलों में काम करने वाले कोरोना पॉजिटिव कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है. ये कर्मचारी 15 मई से 24 मई के बीच कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. इसके बाद सोमवार की भोर में 2 बजे नोएडा जिला प्रशासन ने ज़ी मीडिया की पूरी बिल्डिंग को सील कर दिया.
गौतम बुद्ध नगर के जिला निगरानी अधिकारी सुनील दोहरे के हवाले से जारी एक बुलेटिन में इस बात की जानकारी दी गई है. इस के अलावा नोएडा प्रशासन से जुड़े दो अन्य अधिकारियों ने भी ज़ी मीडिया की बिल्डिंग को सील किए जाने और ज़ी न्यूज़ में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 36 होने की पुष्टि की है. बुलेटिन में कहा गया है कि 15 मई को सेक्टर 16-ए स्थित ज़ी न्यूज़ चैनल में काम करने वाले दिल्ली निवासी एक कर्मचारी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे. उसके बाद उनके आसपास काम करने वाले 51 लोगों के नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया था. इस जांच में 28 व्यक्ति संक्रमित पाए गए थे. उनमें 15 लोग नोएडा के रहने वाले थे, जबकि 13 लोग नोएडा से बाहर के रहने वाले थे.
बुलेटिन के मुताबिक ये सभी कर्मचारी चैनल की इमारत की चौथी मंजिल पर काम करते थे. उक्त मंजिल को पहले ही सील करके जिला प्रशासन द्वारा सेनिटाइज किया गया है. 28 कर्मचारियों के कोविड-19 से संक्रमित पाए जाने के बाद चैनल के 267 कर्मचारियों की स्क्रीनिंग की गई थी तथा शिविर लगाकर 50 कर्मचारियों के नमूने लिए गए थे. 252 कर्मचारियों को घर पर पृथक किया गया था. उनके स्वास्थ्य की जानकारी हर दिन इकट्ठा की जा रही है.
बुलेटिन के मुताबिक 23 मई को चैनल में काम करने वाला एक अन्य कर्मचारी कोविड-19 से संक्रमित पाया गया. उसके बाद 24 मई को आई जांच रिपोर्ट में ज़ी मीडिया में काम करने वाले छह और कर्मचारी कोविड-19 से संक्रमित पाए गए. ये कर्मचारी चैनल की दूसरी मंजिल पर काम करते थे.
ज़ी मीडिया के विभिन्न फ्लोर पर कोविड-19 संक्रमित मरीज पाए जाने की वजह से, वहां काम करने वाले लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उस बिल्डिंग को सोमवार की अल सुबह सील कर दिया गया. बिल्डिंग में सैनिटाइजेशन का कार्य जारी है. किसी भी कर्मचारियों को बिल्डिंग में आने-जाने की इजाजत नहीं है.
न्यूज़लॉन्ड्री से बातचीत करते हुए नोएडा के सिटी मजिस्ट्रेट उमाशंकर सिंह ने बताया, “पूरी बिल्डिंग को रात में दो बजे ही सील कर दिया गया है और सैनिटाइजेशन के बाद कोविड-19 के प्रोटोकॉल के तहत ही उक्त कार्यालय को चलाने की अनुमति दी जाएगी. इस पर आगे का निर्णय नोएडा के सीएमओ लेंगे कि बिल्डिंग को कब कामकाज के लिए खोला जाएगा.”
इस बीच ख़बर है कि ज़ी मीडिया के विभिन्न चैनलों में काम करने वाले कर्मचारी बड़ी संख्या में खुद ही क्वारंटीन हो रहे हैं.
Also Read
-
The curious case of protesters’ missing phones: Neither FIR for ‘snatching’, nor memo for ‘seizure’
-
‘A journalist only until I’m lathi-charged’: Meet the content creators behind Delhi’s protest videos
-
Ali Khan Mahmudabad on ‘Ganga-Jamuni fantasy’, dying languages and democracy online
-
‘Pressure for views’: ABP sacks 3 over fake video linking Neha Singh Rathore to ‘sex racket’
-
Locked when women need help? Delhi Police’s pink booth reality check